उन्नाव: ट्रक ने बाइक सवार पति-पत्नी और दो बच्चों को कुचला, सभी की मौत

लखनऊ, समृद्धि न्यूज। उन्नाव में कानपुर-लखनऊ हाईवे पर ओवरटेक करने की कोशिश में एक ट्रक ने पहले ट्रेलर को टक्कर मारी, फिर बाइक सवार दंपती और उनके दो बच्चों को रौंद दिया। मौके पर ही चारों की मौत हो गई, जिससे परिवार में केवल एक 12 वर्षीय बेटी बची है। हादसे के कारण हाईवे पर लगभग एक घंटे तक जाम लगा रहा। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवागमन सामान्य कराया। पुलिस ने दोनों ट्रकों को कब्जे में लिया है, साथ ही चालक को भी हिरासत में लिया है।
अजगैन कोतवाली व कस्बा निवासी वीरेंद्र पुत्र गुरुचरण परिवार के साथ बुधवार को लखनऊ के बंथरा थानाक्षेत्र के दयालखेड़ा गांव में वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समापन के बाद रात में बाइक पर पत्नी रीतू (33), बेटी अनुराधा (9) और बेटे रुद्र (6) के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। बड़ी बेटी नैनसी (1२) साथ आ रहे वीरेंद्र के साढू रंजीत की बाइक में बैठी थी। वीरेंद्र बाइक से आगे चल रहे थे। सोहरामऊ क्षेत्र के भल्ला फार्म के पास तेज रफ्तार दो ट्रकों में भिड़ंत हो गई, इस टक्कर के बाद एक ट्रक अनियंत्रित हो गया और उसने बाइक सवार वीरेंद्र और उनके परिवार को चपेट में ले लिया। ट्रक सभी 4 लोगों को कुचलते हुए निकल गया, मौके पर ही सभी की मौत हो गई। बड़ी बेटी साढ़ू रंजीत के साथ थी इसलिए वह बच गई। हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची और आनन फानन शवों को किनारे कराया। क्षेत्राधिकारी हसनगंज अरविंद चौरसिया ने बताया कि पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *