राजेपुर, समृद्धि न्यूज़। थाना राजेपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई गई कार की टक्कर से एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीछे से टक्कर मारकर भागा कार चालक
मृतक के पुत्र कौशलेन्द्र पुत्र सोरन, निवासी गुर्जरपुर पमारान, थाना अमृतपुर ने बताया कि 21 जनवरी 2026 को शाम करीब 4 बजे उनके पिता मोटरसाइकिल स्प्लेंडर पर पीछे बैठकर छोटे सिंह पुत्र जगदीश सिंह, निवासी रम्पुरा कुम्हरौर, थाना अमृतपुर के साथ जमापुर से महमदपुर गढ़िया की ओर जा रहे थे।
इसी दौरान पीछे से आ रही कार संख्या UP27 BA 7278 के अज्ञात चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक बिना रुके कार लेकर फरार हो गया।
लोहिया अस्पताल में पिता को किया गया मृत घोषित
हादसे में मोटरसाइकिल सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को निजी वाहन से लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रार्थी के पिता को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल का इलाज अस्पताल में जारी है।
अंतिम संस्कार में व्यस्त रहने से रिपोर्ट में हुई देरी
प्रार्थी ने बताया कि पिता की मृत्यु के बाद वह अंतिम संस्कार और पारिवारिक दायित्वों में व्यस्त हो गए थे, जिसके चलते वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सके। इसी कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में विलंब हुआ।
अज्ञात चालक पर केस दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार संख्या UP27 BA 7278 के अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक अमित कुमार (बैज संख्या 132030500) को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि फरार चालक की तलाश की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
