परिजनों ने डंपर चालक पर कार्यवाही किये जाने को लेकर काटा हंगामा
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कोचिंग से घर जा रहे बाइक सवार छात्र को तेज रफ्तार डंपर ने रौंद दिया। जिससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सूचना मिलते ही परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गये और उनका रो-रोकरा बुरा हाल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, टिकुरियन नगला निवासी सत्यम पुत्र प्रेम सिंह कक्षा १० का छात्र था। वह सोमवार को आवास विकास स्थित एक कोचिंग क्लासेस में अपनी बाइक से पढऩे गया था। दोपहर २ बजे सत्यम बाइक से अपने घर वापस लौट रहा था। जैसे ही छात्र अर्जुन नगला के पास पहुंचा, तभी तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने छात्र को टक्कर मार दी। जिससे सत्यम बाइक से नीचे गिर गया। दौरान डंपर का पहिया उसके शरीर के ऊपर से निकल गया। जिससे उसका शव क्षत-विक्षत हो गया। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और छात्र के पास से मिले कागजातों से परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे आनन-फानन में एक निजी वाहन से लोहिया लेकर पहुंचे। इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अभिषेक चतुर्वेदी ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सत्यम की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
गुस्साए परिजनों ने शुरुआत में शव को मोर्चरी ले जाने से रोक दिया और अस्पताल में हंगामा किया। उनकी मांग थी कि जब तक आरोपी डंपर चालक की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक पोस्टमार्टम नहीं कराया जाएगा। सूचना मिलते ही थाना कादरीगेट पुलिस भारी बल के साथ पहुँचे और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने बताया कि सत्यम अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और इस वर्ष हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा देने वाला था। उसकी मौत से मां विनीता देवी और छोटे भाई सुरजीत व सूर्यांश आदि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इस संबंध में थाना कादरीगेट प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया कि आईटीआई चौकी प्रभारी विशेष कुमार को पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर भेजा गया है। उन्होंने कहा पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार डंपर और उसके चालक की पहचान की जा सके। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कोचिंग से लौट रहे छात्र को डंपर ने रौंदा, मौत
