मेजा जरगो लिंक बाणसागर नहर से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ, मचा हड़कंप

हलिया (मिर्ज़ापुर): थाना क्षेत्र के तेंदुआ कला गांव में स्थित मेजा जरगो लिंक बाणसागर नहर से एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है। लगभग 35 वर्षीय इस महिला का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, लेकिन अभी तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। यह घटना तब सामने आई जब गांव की इंद्रावती नामक महिला अपने मवेशियों को पानी पिलाने के लिए नहर में पानी लेने गई थी। उन्होंने बहते पानी में एक महिला का शव देखा, जिसके बाद उन्होंने भयभीत होकर गांव वालों को सूचना दी। ग्रामीणों ने तत्काल 212 पुलिस को खबर की।
सूचना मिलने पर लहंगपुर चौकी प्रभारी सुजीत सेठ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया। मृतका ने काले रंग की साड़ी पहनी हुई थी और उसके शरीर पर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण भी थे। शव पानी में काफी समय तक रहने के कारण फूल गया था। ग्रामीणों ने महिला के बाहरी होने की आशंका जताई। कुछ लोगों ने साड़ी पहनने के तरीके को देखकर यह भी अनुमान लगाया कि यह मध्य प्रदेश की महिलाओं द्वारा पहनी जाने वाली फेंटा शैली की साड़ी हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने बताया कि महिला के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं।
लालगंज के प्रभारी निरीक्षक अभय कुमार सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त के लिए फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए गए हैं, लेकिन अभी तक कोई पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने यह भी बताया कि शव कहीं बाहर का प्रतीत हो रहा है। महिला की मौत का स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *