चोरों ने पांच लाख के जेवरात व नकदी उड़ाई, अन्य तीन स्थानों पर प्रयास विफल

मोहम्मदाबाद, समृद्धि न्यूज। चोरों ने बीती रात एक घर को निशाना बनाते हुए पांच लाख के जेवरात व नकदी पार कर दी। अन्य तीन स्थानों पर भी चोरों ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सके। चोरी की ताबड़तोड़ घटनाओं से लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र में बीती रात अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से कई घरों को निशाना बनाते हुए चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। जिससे पूरे इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया। ग्राम नगला तिपेडऩ निवासी ध्रुव शाक्य के घर से चोर नगदी व कीमती जेवरात समेत लगभग 6 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन कर जांच शुरू की। चोर घर के पीछे से छत पर चढ़े और ऊपर बने कमरे का ताला तोडक़र भीतर रखे कीमती जेवरात और नकदी समेट ले गए। चोरी गए सामान में दो सोने की अंगूठियां, मंगलसूत्र, सोने की जंजीर, झाले, आधा तोला कमरबंध, 2 पायल, 8 बिछिया, सोने की हाय, सोने की ओम, बच्चों के 2 जोड़ी खड़ुआ, नाती की गुल्लक से करीब 10 हजार रुपये नकद तथा माता राममूर्ति की 800 रुपये की नगदी शामिल है। वारदात के समय पूरा परिवार नीचे के कमरों में गहरी नींद में सो रहा था। सुबह लगभग ६:15 बजे जब ध्रुव शाक्य की बेटी दिव्या छत पर पहुंची तो उसने कमरे का कुंडा टूटा हुआ देखा। शक होने पर परिजनों को सूचना दी गई। तलाश के दौरान घर से लगभग 500 मीटर दूर प्रबल शाक्य के सरसों के खेत में दो खाली बक्से पड़े मिले। जिसकी जानकारी डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची डायल 112 ने चौकी प्रभारी को सूचित किया। सूत्रों के अनुसार चोरों ने उसी रात गांव के अन्य मकानों में भी सेंध लगाने का प्रयास किया। जगन्नाथ के पुत्र विजय के घर चोर छत के रास्ते घुसे, लेकिन परिवार के बाहर रहने के कारण चोरों के हाथ कुछ नहीं लगा। इसके बाद रतिराम के पुत्र सुरजीत के घर में भी घुसपैठ की गई, परंतु सफलता न मिलने पर चोर सामने के दरवाजे से फरार हो गए। इसी क्रम में चौकी क्षेत्र के ग्राम धीरपुर में भी अज्ञात चोरों ने अजेंद्र सिंह के घर को निशाना बनाया। चोरों ने बच्चों व वृद्ध महिला के कमरे को बाहर से बंद कर अन्य कमरों में तलाश शुरू की, तभी बच्चे के जाग जाने से चोर भाग निकले। इस घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ। एक ही रात में कई घरों में चोरी के प्रयास और एक बड़ी वारदात से ग्रामीणों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही चोरों का पता लगाकर घटना का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *