बेकाबू बोलेरो ने दो बैंडकर्मियों को रौंदा, एक बैंडकर्मी किशोर की मौत

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। बेकाबू बोलेरो कार ने दो बैंडकर्मियों को रौंद दिया। इस घटना में एक किशोर बैंडकर्मी की मौत हो गयी, जबकि दूसरा कर्मी गम्भीर रुप से घायल हो गया। उसका उपचार जारी है। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कादरीगेट थाना क्षेत्र के खुदागंज मड़ैया निवासी15 वर्षीय गौतम और 16 वर्षीय रंजीत बैंड में ठेली धकेलने का काम करते थे। बुधवार शाम को वे शहर के एक बैंड के साथ बारात चढ़ाने के लिए कमालगंज थाना क्षेत्र के खुदागंज गए थे। रात करीब 11 बजे दोनों किशोर ठेली के पास जा रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक विकास पटेल ने गौतम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल रंजीत को लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि परिजन गौतम को भी लोहिया अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें दोबारा मृत बताया। घायल रंजीत को बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया। जिसके बाद परिजन उसे एक निजी नर्सिंग होम ले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *