घर से खेत में पानी लगाने की बात कहकर निकले युवक का पड़ा मिला शव

नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। भोर सुबह घर से खेत में पानी लगाने की बात कहकर निकले युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। रेलवे कर्मचारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल के जरिए नगर पंचायत अध्यक्ष को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे नगर पंचायत अध्यक्ष ने युवक की शिनाख्त कर सूचना परिजनों व थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव नगला हीरा सिंह निवासी 20 वर्षीय युवक गिरजा शंकर पुत्र भगवान दास उर्फ छोटे गुरुवार सुबह करीब ४:०० बजे अपने पिता से खेत में पानी लगाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह वापस नहीं लौटा। शमशाबाद रेलवे स्टेशन से लगभग चार-पांच किलोमीटर दूर ग्राम अद्दूपुर अंडरपास से लगभग 100 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़े होने की सूचना रेलवे कर्मचारियों ने पीआरबी शमशाबाद को दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पीआरबी ने सूचना पहले फैजबाग चौकी इंचार्ज को दी। शमशाबाद थाने पहुंची सूचना पर पहुंचे इंचार्ज ने मामले की जांच पड़ताल की और मामला नवाबगंज थाने का होने की बात करते हुए जांच पड़ताल की। मृतक के पास मिले मोबाइल फोन जिसका स्वीच ऑफ था। जिसको शमशाबाद की पीआरबी ने अपनी कार में लगाकर चार्जिंग की। तब मोबाइल खोलने पर उस पर कॉल आने लगी। जिस पर युवक की पहचान गिरजा शंकर पुत्र भगवान दास निवासी नगला हीरा सिंह थाना नवाबगंज के रूप में हुई। वहीं शमशाबाद थाना पुलिस ने सूचना नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत को दी। सूचना मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत अपने साथियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने युवक की पहचान गिरजा शंकर पुत्र भगवान दास उर्फ छोटे के रूप में की। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत ने सूचना मृतक के परिजनों व थाना नवाबगंज पुलिस को दी। सूचना पाकर मृतक के परिजन व नवाबगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार, हलका इंचार्ज दरोगा जगराम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया। बाद शिनाख्त परिजन तथा थाना पुलिस शव को नवाबगंज लेकर आए। जहां मृतक के पिता भगवान दास, मां सुहाग देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *