युवती की संदिग्ध मौत, पुलिस ने रुकवाया अंतिम संस्कार

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को एक युवती के अंतिम संस्कार से पहले पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। डायल 112 पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या की संदिग्ध सूचना दिए जाने के बाद पुलिस हरकत में आई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। यह घटना ग्राम हैदरपुर की है। जहां उदय राजपूत उर्फ लल्ला आढ़ती अपनी 21 वर्षीय पुत्री ऋचा राजपूत का अंतिम संस्कार करने जा रहे थे। पुलिस को अज्ञात व्यक्ति ने डायल112 पर सूचना दी थी कि एक युवती की हत्या कर उसके शव का चुपचाप अंतिम संस्कार किया जा रहा है। इस सूचना के बाद डायल.112 टीम और कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ऋचा राजपूत के शव को कब्जे में लिया। पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों के अनुसार ऋचा राजपूत पिछले कई महीनों से बीमार चल रही थी। उनका कहना है कि इलाज के दौरान ही ऋचा की मृत्यु हो गई थी। हालांकि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ऋचा ने कथित तौर पर कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था। परिजनों को इसकी जानकारी होने पर उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। ऋचा छह भाई-बहनों में पांचवें स्थान पर थी। मृतका की मां पुष्पा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। ताजपुर चौकी प्रभारी अनिल सिकरवार ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *