फर्रुखाबाद/राजेपुर, समृद्धि न्यूज। थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम करनपुरदत्त निवासी कल्लू पुत्र सुखलाल रविवार शाम अपने परिवार के साथ टिर्री से ग्राम भरखा से वापस अपने गांव आ रहे थे। जैसे ही वाहन हाईवे से करीब दो किलोमीटर पहले शांति कॉलोनी के पास पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे फार्मट्रक ट्रैक्टर के अज्ञात चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाते टिर्री में साइड मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टिर्री में बैठे चालक कल्लू समेत एक महिला, रामनिवास पुत्र सुखलाल तथा आशिक पुत्र पिंटू सभी निवासी करनपुरदत्त थाना अमृतपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने सभी घायलों को तत्काल लोहिया अस्पताल भिजवाया। जहां इलाज के दौरान टिर्री चालक कल्लू की मौत हो गयी। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक थाना राजेपुर सुदेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया तहरीर प्राप्त होने पर अज्ञात ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से टिर्री चालक की मौत, तीन घायल
