अमृतपुर, समृद्धि न्यूज़। राजेपुर थाना क्षेत्र में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। अमृतपुर रोड स्थित हरिहरपुर गांव के समीप देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से 60 वर्षीय विश्वनाथ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेपुर थाना क्षेत्र के वीरपुर हरिहरपुर निवासी विश्वनाथ सिंह पुत्र सूर्य बक्स सिंह महाशिवरात्रि के अवसर पर व्रत रखे हुए थे। रविवार देर रात करीब 2:30 बजे वह एक मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद दूसरे मंदिर की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान अमृतपुर रोड पर तेज रफ्तार से आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर राजेपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार विश्वकर्मा के निर्देशन में उपनिरीक्षक सत्यदेव ओझा ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही संभावित मार्गों पर जांच पड़ताल कर वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मृतक की पत्नी शांति देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि विश्वनाथ सिंह धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि पर व्रत रखकर रात्रि में मंदिरों में दर्शन करने जाते थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गांव में घटना के बाद शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
