दबिश देकर लौट रही पुलिस टीम की कार पेड़ से टकराई, दरोगा की मौत

समृद्धि न्यूज़। महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा क्षेत्र में कुशीनगर से दबिश देकर लौट रही गोरखपुर पुलिस टीम की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई. इस घटना में रामगढ़ताल थाने में तैनात दारोगा संतोष कुमार की मौत हो गई, जबकि पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए.

जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर जनपद के रामगढ़ताल थाना की पुलिस टीम जालसाजी के एक मामले में दबिश देने कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र गई थी. दबिश देने के बाद टीम कार से लौट रही थी। सुबह श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी चौकी के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर पर चढ़ते हुए सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में दारोगा संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. वहीं वरिष्ठ उप निरीक्षक रमेश चंद्र कुशवाहा और महिला दारोगा गीता सहित कुल पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं.घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *