योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने विकासखंड कार्यालय कमालगंज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने विकासखंड कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, जनसुनवाई व्यवस्था, साफ-सफाई तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुँचाया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा नियमित समीक्षा एवं निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ब्लॉक परिसर में खड़ी गाडिय़ों को हटवाने के निर्देश दिये। विकास खंड को प्राप्त केंद्रीय वित्त योजना/राज्य वित्त योजना की ग्रांट का शत-प्रतिशत उपभोग करने, सभी कर्मियों की सेवा पुस्तिका, कैशबुक अपडेट रखने, फार्मर रजिस्ट्री के लंबित प्रकरणों को निस्तारित करने, स्पेशल क्लोज व असंतुष्ट आई0जी0आर0एस0 प्रकरणों का रिव्यू करने के लिये निर्देशित किया। डीएम ने सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण की अलमारी में अभिलेख व्यवस्थित तरीके से रखे होने पर नाराजगी जताई। डीएम ने कार्यालय परिसर में स्थापित प्रेरणा कैंटीन व पशु चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
डीएम ने विकास खण्ड कार्यालय कमालगंज का किया निरीक्षण
