बांगरमऊ उन्नाव। सड़क पार करते समय अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भगवन्तपुर गोटपाली निवासी पंकज (20) पुत्र लालता प्रसाद किसी काम से बाइक द्वारा आरएस चौराहे गया था। बताया जाता है कि वह चौराहे पर संडीला बांगरमऊ रोड पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पंकज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे तत्काल यहाँ के सरकारी अस्पताल लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। मां बबिता सहित छोटे भाई विमल, अरुण तथा बहन गीता रो-रोकर बेहाल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है।
अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर, युवक की मौत
