विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से की मुलाकात
क्षेत्रीय विधायक के साथ विधानसभा का किया भ्रमण
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। साहसी बालिका संस्था के सदस्यों ने मंगलवार को लखनऊ में विधानसभा का भ्रमण किया। क्षेत्रीय विधायक डॉ0 सुरभि के साथ संस्था के सदस्यों ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से मुलाकात की और सदन की कार्यवाही का अनुभव लिया।
इस दौरान संस्था ने विधानसभा अध्यक्ष को अपने सामाजिक क्रियाकलापों और उद्देश्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कायमगंज निवासी संस्था अध्यक्ष खुशबू मिश्रा के साथ सिल्की मिश्रा, अंकुर मिश्रा, चांदनी, अंजू, दिव्या, निकिता, गरिमा और अंजना ने सतीश महाना से भेंट की। खुशबू मिश्रा ने बताया कि उनकी संस्था बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, स्वावलंबन एवं कौशल विकास प्रशिक्षण, पर्यावरण संरक्षण और समाज के वंचित वर्गों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। साहसी बालिका टीम शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता शिविर, परामर्श कार्यक्रम और प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित करती है। इन गतिविधियों से बालिकाओं और महिलाओं को विशेष लाभ मिल रहा है।
मुलाकात के बाद टीम ने विधानसभा परिसर का भ्रमण किया और सदन की कार्यवाही को सीधे देखा। सदस्यों ने विधानसभा की गरिमा, लोकतांत्रिक संवाद और अनुशासन की परंपरा को समझा। सिल्की मिश्रा ने बताया कि विधानसभा की लाइव कार्यवाही देखकर उन्हें और टीम के अन्य सदस्यों को बहुत कुछ सीखने को मिला। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें समाज हित में बताया और टीम का मनोबल बढ़ाया। क्षेत्रीय विधायक डॉ0 सुरभि ने भी सभी सदस्यों को विधानसभा की कार्यवाही और डिजिटल गैलरी का भ्रमण कराया। टीम की सिल्की मिश्रा ने अनुभव साझा करते हुए बताया कियह अचीवमेंट उनके लिए काफी बेहतर रहा, क्योंकि उन्होंने अपनी लाइफ में विधानसभा की कार्रवाई लाइव देखी जो वाकई में काफी अच्छी थी। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक का आभार व्यक्त किया।
साहसी बालिका टीम ने लाइव देखी विधानसभा की कार्रवाई
