संदिग्ध परिस्थितियों में जानवरों के बाड़े में गयी युवती झुलसी

 परिजनों ने सीएचसी, फिर लोहिया में कराया भर्ती, पुलिस जांच में जुटी
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में युवती आग से झुलस गयी। गंभीर हालत में परिजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां से डाक्टरों ने प्राथमिक उचपार के बाद लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गाँव जिजपुरा निवासी नीलम जाटव उम्र 21 वर्षीय पुत्री महेंद्र सिंह जाटव रोज की भांति अपने घर से लगभग डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर बने जानवरों के बाड़े में जानवरों को देखने गई हुई थी। संदिग्ध परिस्थितियों में जानवरों के बाड़े में युवती जली हुई अवस्था में पड़ी हुई थी। उसके कराहनेे की आवाज सुनकर पड़ोस में ही घास काट रही उसकी पारिवारिक दादी सतानो देवी ने देखा युवती बुरी तरीके से जल चुकी थी। सतानो देवी ने तत्काल इसकी सूचना युवती के परिजनों को दी। परिजन उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र्र में लेकर आये। जहां ड्युटी पर तैनात चिकित्सक डा0 जितेन्द्र बहादुर ने प्राथमिक उपचार के बाद लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। युवती ने अद्र्ध बेहोशी की हालत में बताया कि एक युवक नकाब बांधकर आया और उसने उसके साथ मारपीट की तथा उसके मुंह पर टेप लगा दिया और पेट्रोल की बोतल डालकर आग लगा दी। आग लगाने के बाद युवक मौके से फरार हो गया। घटनास्थल पर युवती के जले हुए कपड़े, एक खाली बोतल पड़ी हुई मिली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, कस्बा चौकी इन्चार्ज सोमवीर सिंह, उपनिरीक्षक शमशुद्दीन, कांस्टेबिल विजय गुर्जर, कांस्टेबिल धर्मंेन्द्र, कांस्टेबिल सचिन कुमार सहित भारी पुलिस बल पहुंचा। युवती की चाची ज्योति पत्नी गुरुजीत ने बताया कि वह जब जानवरों के बाड़े में पहुंची, तो युवती जली हुई अवस्था में कराहती हुई जमीन पर पड़ी थी। जिससे चीख पुकार मच गई। ज्योति के लगभग 7 वर्षीय बालक ने बताया कि वह घटनास्थल के पास पानी पीने के लिए गया था, तो उसने देखा की युवती स्वयं ही अपने मुंह पर टेप लगा रही थी। जिसके बाद यह घटना घटित हो गई। फिलहाल में पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। युवती अपने पांच भाइयों में अकेली बहन है। 2 वर्ष पूर्व पिता महेंद्र की मौत हो चुकी है। वहीं युवती के परिजनों ने गोपाल शाक्य निवासी झकरई अलीगंज जनपद एटा पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *