मौधा केंद्र पर परीक्षार्थी की जगह दूसरा युवक देने आया परीक्षा

जानकारी होने पर पकड़ा, केंद्र व्यवस्थापक की लापरवाही से भागा
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जनपद के ७९ केंद्रों पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की परीक्षायें चल रही हैं। बुधवार को शक्ति सैनिक इंटर कालेज मौधा में इंटर की द्वितीय पाली में इंटर रसायन विज्ञान की परीक्षा थी। १:३० बजे परीक्षा केंद्र का आंतरिक सचल दल छात्रों की चेकिंग करके उन्हें अंदर भेज रहे थे। इसी समय एक युवक ने प्रवेश पत्र दिखाया। आंतरिक सचल दल ने जब फोटो से मिलान किया, तो अलग निकला। शक होने पर उसे पकडक़र उससे पूछताछ की गयी, तो उसने सच्चाई से पर्दा उठा दिया। युवक ने अपने को कमालपुर का निवासी बताया। कहा कि वह नगला दलजीत सिंह निवासी छात्र के स्थान पर पेपर देने आया था। बाद में केंद्र व्यवस्थापक ने किसी कानूनी झंझट आदि से बचने के लिए केंद्र से भगा दिया। वहां तैनात सिपाही ने मामले की जानकारी मोहम्मदाबाद कोतवाल को दी। वहीं जब डीआईओएस नरेंद्र पाल सिंह से जानकारी की गयी, तो उन्होंने बताया कि प्रवेश पत्र में फोटो मैच न होने पर रोजाना ही परीक्षार्थियों को वापस किया जाता है। अन्य कागजात मंगवाए जाते हैं। परीक्षा शुरू होने के 15 मिनट के बाद भी परीक्षा केंद्र पर प्रवेश देते हैं। सॉल्वर पकडऩे की बात गलत है। मोहम्मदाबाद कोतवाल विनोद शुक्ला का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि मौधा परीक्षा केंद्र पर 15 स्कूलों का सेंटर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *