साथी वकीलों ने बचाया, किया पुलिस के हवाले
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। फतेहगढ़ कचहरी परिसर में एक युवक ने अधिवक्ता के चेंबर में घुसकर उन पर तमंचा तान दिया और हमला किया। शोर-शराबा होने पर साथी अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव कर अधिवक्ता की जान बचाई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया।
घटना बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के न्यू बस्ती सिविल लाइन मोहल्ला निवासी अधिवक्ता रोहिताश कुमार उपभोक्ता फोरम के निकट अपने चेंबर में कानूनी कार्य कर रहे थे, तभी आरोपी युवक अचानक उनके चेंबर में घुस आया।
अधिवक्ता रोहिताश कुमार के अनुसार आरोपी युवक ने गाली-गलौज करते हुए उन पर कथित रूप से तमंचा तान दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने जान से मारने की धमकी देते हुए उनके साथ मारपीट भी की।
शोर सुनकर आसपास के अधिवक्ता कुलदीप सिंह, अमित सिंहए प्रदीप सिंह सहित अन्य वकील मौके पर पहुंच गए। साथी अधिवक्ताओं ने किसी तरह हमलावर से तमंचा छीनकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायल अधिवक्ता को बचाया। बताया जा रहा है कि घटना के कुछ देर बाद आरोपी के पिता भी मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी।
अधिवक्ता रोहिताश कुमार ने युवक के खिलाफ जानलेवा हमले की फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर दी है। फतेहगढ़ प्रभारी रणविजय सिंह ने बताया कि युवक को पकड़ लिया गया है और उसके पास से एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है। अधिवक्ता की तहरीर पर जांच की जा रही है और जांच के उपरांत आगे की कार्यवाही की जाएगी।
