खनन माफिया बोले नहीं रुकेंगे टै्रक्टर, कहीं भी कर लो शिकायत
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से लिखित शिकायत कर खनन माफियाओं के खिलाफ कार्यवाही कर रात दिन अवैध तरीके से दौड़ रहे टै्रक्टरों पर रोक लगाये जाने की मांग की है।
कोतवाली फतेहगढ़ के क्षेत्र महरुपुर सहजू के ग्राम आबाद नगर के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को दिये गये प्रार्थना पत्र में दर्शाया कि हुल्ली सिंह नगला मार्ग पर अवैध रूप से मिट्टी का खनन हो रहा है और लगभग 200 ट्रॉली मिट्टी रोज उक्त मार्ग से ट्रैक्टरों द्वारा ले जाई जाती है। ट्रैक्टरों की ट्रॉली में पीछे डाला भी नहीं लगा है, जिसके कारण पूरी सडक़ पर मिट्टी गिरती रहती है और मिट्टी उड़ती भी रहती है। जिसकी वजह से हम ग्रामवासियों के घरों में मिट्टी जमा गयी है। इसके सम्बन्ध में जब कोई ग्रामीण सम्बन्धित ट्रैक्टर ड्राइवरों से विरोध जताता है, तो ड्राइवर लड़ाई झगड़े पर आमादा हो जाते हैं और कहते हैं कि हमारे मालिक सम्बन्धित अधिकारियों को इसी बात का पैसा देते है। जिससे हमें कोई रोंके ना। इसलिये मिट्टी का खनन किसी भी स्थिति में बंद नहीं होगा। जहां चाहे शिकायत कर आओ।
जबकि सडक़ डामर व सी0सी0 है, परन्तु मिट्टी जम जाने के कारण यह दिखाई ही नहीं पड़ती है। ट्रैक्टर बहुत ही तेज व तीव्र गति से ड्राइवर चलाते हैं, जिससे कभी भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है और इन लोगों के पास पूरी तरह से कोई भी कागज पूरा नहीं है। मुख्यालय से तीन किलो मीटर कर दूरी पर खुलेआम अवैध खनन हो रहा है। इस खनन में खनन माफियाओं के अलावा कुछ काश्तकार भी शामिल है। जो निजी अपने खेत या मकान का भराव कार्य दिखाकर आठ-दस ट्राली का परमीशन लेते है और सैकड़ों की तादात में ट्राली भरी जाती है, जिसे बेंचा जाता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि जो लोग खनन करते है अगर उनकी बात सुनी जाये तो उनका कहना है कि इस खनन की खनन अधिकारी को जानकारी है, तभी हम खुलेआम मिट्टी निकालते है। ग्रामीणों ने बताया कि शेषनाग मंदिर के पास खनन करने वाला एक युवक ने मौरम गिट्टी बिक्री के नाम से एक दुकान ले रखी है, जो सिर्फ दिखावा है। बताते चले कि बीते दिन इसी युवक को टै्रक्टर चालक को पर्ची काटकर देते देखा गया था। ग्रामीणों ने मांग की है कि अवैध खनन पर अगर रोक नहीं लगी तो हम लोग मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। शिकायत करने वालों में राम वर्मा, सीमा, पूनम सिंह, पुष्पा, गीता देवी, किरन, गुड्डी देवी, मनोज मिश्रा, बलराम पाल, पप्पू पाल, मुन्नी देवी, जितेन्द्र, अशोक, सूर्या, सूर्यप्रताप, रामवीर पाल, विकास पाल, देव, राजेश, प्रदीप कुमार, धर्मेन्द्र आदि बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हस्ताक्षर किये। इस संदर्भ में खनन अधिकारी ने बताया कि अभी तक इस संदर्भ में कोई शिकायत मेरे पास नहीं आयी। उन्होंने बताया कि मिट्टी सिर्फ कृषक या जरुरतमंद उसी को अनुमति दी जाती है जो अपनी जमीन से उठाकर अपनी ही जगह पर समतल करें। बिक्री के लिए किसी को भी कोई विभाग से परमीशन नहीं दी जाती है, यह पूरी तरह अवैध है। यदि ग्रामीण या उनके द्वारा की गई शिकायत मुझे प्राप्त होती है तो जांच कर जो भी दोषी पाया जायेगा उसके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।
अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ ग्रामीणों ने डीएम से की शिकायत
