स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारी पर लगाये गंभीर आरोप
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शासन के सख्त निर्देश है कि किसी प्रकार से अवैध मिट्टी का खनन न होने दिया जाये, लेकिन उसके बावजूद जिस तरह से खुलेआम दिन के उजाले से लेकर रात के अंधेरे में जेसीबी से मिट्टी की खुदाई कर ट्रैक्टर ट्राली व डंपर से खनन किया जा रहा है, उससे यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि जिला खनन अधिकारी की अनदेखी से सरकार को जहां एक तरफ लाखों रुपये का राजस्व का चूना लग रहा है, वहीं सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है।
कोतवाली फतेहगढ़ के क्षेत्र याकूतगंज क्षेत्र में खुलेआम दिन और रात अवैध मिट्टी का खनन हो रहा है। स्थानीय लोगों की माने तो उनका कहना है कि कई बार शिकायत की संबंधित अधिकारी से लेकिन किसी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं हुई। मिट्टी लेकर निकलने वाले टै्रक्टर चालक इतनी तेज गति से टै्रक्टर निकालते है कि कई बार कई लोग चपेट में आकर घायल हो गये। स्थानीय लोगों के बढ़ते विरोध के चलते चार दिन पूर्व प्रात: ५:३० पर खनन अधिकारी विनीत वर्मा ने पहुंचकर एक जेसीबी, तीन मिट्टी से भरी ट्रैक्टर ट्राली को पकडक़र यह कहकर याकूतगंज चौकी पर खड़ी करा दी कि इन्हें सीज किया जा रहा है और दो दिन बाद चौकी से अचानक तीनों ट्रैक्टर ट्राली लापता हो गये। जेसीबी संख्या यूपी २7सीटी-१४५० खड़ी है। अवैध खनन करने वाला युवक जो हरदोई का बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों की माने तो बिना किसी कार्यवाही के सुविधा शुल्क लेकर ट्रैक्टर ट्राली छोड़ दिये गये है। खनन विभाग की ओर से कोई कार्यवाही न किये जाने से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। गुरुवार को फिर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रकट किया। उनका कहना है कि इससे पहले दो बार तख्त डालकर इन लोगों को रोक चुकें है। विभागीय अधिकारियों का खुला समर्थन मिलने से इन लोगों के हौसले बुलंद है। जिस समय जेसीबी और ट्रैक्टर ट्राली खनन अधिकारी विनीत वर्मा ने पकड़ी थी, उस समय संवाददाता को बताया कि इनके पास जो परमीशन है वह दिन के उजाले की है न कि रात की है। सूत्रों की माने तो खनन अधिकारी द्वारा पकड़ी जाने वाली गाडिय़ों को छुड़वाने की मध्यक्षता २ प्राइवेट युवक करते है। पकड़े गये ट्रैक्टर ट्राली छोड़े जाने के संदर्भ में जब संवाददाता ने खनन अधिकारी से जानकारी चाहीं तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। हमारा समाचार पत्र किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं करता है।
मौरम से भरे ट्रक को मोटी रकम लेकर खनन अधिकारी पर छोडऩे का आरोप
फर्रुखाबाद। सरकार की रोंक के बावजूद जिले में कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर परमीशन की आड़ में अवैध खनन चल रहा है। परमीशन है इसकी तो जानकारी जिला खनन अधिकारी विनीत वर्मा को तो है, लेकिन अवैध खनन कहां-कहां हो रहा है यह उन्हें जानकारी नहीं है। ट्रैक्टर ट्राली या डंपर आदि वाहन पकड़े जाने पर यह तो बताते है यह नियम विरुद्ध है, लेकिन उन पर कार्यवाही क्या हुई उस पर पता नहीं। फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र याकूतगंज चौकी पर खड़ी की गई मिट्टी से भरी तीन ट्रैक्टर ट्राली व जेसीबी में अब मौके पर तीन ट्रैक्टर ट्राली नहीं है, लेकिन जेसीबी अभी भी खड़ी है। चार दिन बीत जाने के बाद खनन अधिकारी की ओर से कोई कार्यवाही नहीं की गई। ऐसा ही एक मामला मोहम्मदाबाद के क्षेत्र मदनपुर चौकी का सामने आया है। कुछ दिन पहले खनन अधिकारी ने मौरम से भरे एक ट्रक को पकड़ा था और उसे चौकी पर खड़ा था, क्योंकि वह नियम विरुद्ध मौरम लेकर जा रहा था, उस पर भी आज तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। जिस व्यक्ति का ट्रक था, उसकी बात माने तो उसका कहना था कि अधिकारी ने ट्रक छोडऩे के नाम पर मोटा पैसा मांगा। पुलिस विभाग के एक सिपाही की मध्यक्षता से लेन-देन होने पर बिना किसी लिखा पढ़ी के ट्रक को छोड़ दिया गया। युवक द्वारा लगाये गये आरोप की हमारा समाचार पुष्टि नहीं करता है, लेकिन इस संदर्भ में अभी तक खनन अधिकारी द्वारा अभी तक यह भी जानकारी नहीं दी गई कि उन्होंने लिखित रुप में क्या कार्यवाही की है।
