मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 393 जोड़े हुए एक दूजे के

नवदंपतियों को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने दिया आशीर्वाद
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। क्रिश्चियन इण्टर कॉलेज मैदान में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। आयोजन जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता तथा सांसद मुकेश राजपूत के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कुल 393 जोड़ों का विवाह एवं निकाह धार्मिक रीति-रिवाजों से कराया गया। इनमें 390 हिंदू जोड़ों का विवाह और 03 मुस्लिम जोड़ों का निकाह शामिल रहा।

अंतरराष्ट्रीय

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान श्री गणेश की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया गया। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने अतिथियों का स्वागत किया, मदन मोहन कन्नौजिया बालिका इण्टर कॉलेज की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। वर्ष 2017-18 से संचालित योजना के अंतर्गत प्रत्येक लाभार्थी जोड़े पर कुल एक लाख रुपये की धनराशि व्यय की जाती है। इसमें 60 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में अंतरित किए जाते हैं तथा 25 हजार रुपये के वैवाहिक उपहार वर-वधू को दिए जाते हैं। इसके अलावा 15 हजार रुपये प्रति जोड़ा आयोजन व्यवस्थाओं भोजन, पंडाल, फर्नीचर, पेयजल, प्रकाश आदि पर खर्च किए जाते हैं। मुख्य अतिथि सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह गरिमापूर्ण ढंग से कराने में महत्वपूर्ण सहारा बन रही है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों से आपसी सम्मान-विश्वास बनाए रखने, कर्तव्यों के निर्वहन तथा जल संरक्षण व वृक्षारोपण जैसे सामाजिक कार्यों में योगदान देने का आह्वान किया। समारोह में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी नवदंपतियों को सुखद व मंगलमय दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने वर-वधू को वैवाहिक उपहार भेंट किए और पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आनन्द उपाध्याय, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक , नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, एसडीएम सदर संजय कुमार, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, सीओ सदर अभय वर्मा, पीडी डीआरडीए कपिल कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी, प्रभारी जनगणना अधिकारी पारखी भार्गव सहित अन्य अधिकारी व परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *