फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिनेश कुमार की अध्यक्षता में जनपद में हवाई हमले से बचाव एवं ब्लैक आउट (प्रकाश प्रतिबंध) मॉक ड्रिल के सफल आयोजन की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस), फर्रुखाबाद द्वारा 22 नवम्बर 2026 को सायं 06:00 बजे फायर स्टेशन, फतेहगढ़ में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान हवाई हमले जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा, बचाव संबंधी उपायों तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र की तैयारियों का अभ्यास एवं प्रदर्शन किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने मॉक ड्रिल के सफल संचालन हेतु संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा आमजनमानस को इस अभ्यास के उद्देश्य एवं महत्व के संबंध में जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा अथवा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में जनसामान्य की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए नागरिकों को बचाव के उपायों एवं सुरक्षित स्थानों की जानकारी होना आवश्यक है।
उन्होंने जनपद के समस्त प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों, कार्यालयों एवं आमजनमानस से अपील की कि दिनांक 22 नवम्बर 2026 को सायं 06:00 बजे से 06:10 बजे तक* अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखें, जिससे बाहर किसी प्रकार का प्रकाश दिखाई न दे और ब्लैक आउट अभ्यास को सफल बनाया जा सके।

ब्लैक आउट के दौरान नागरिकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश-
- 1. सभी नागरिक अपने घरों के अंदर ही रहें।
2. घरों एवं प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें बंद रखें।
3. बाहर किसी प्रकार की माचिस, लाइट अथवा टॉर्च का प्रयोग न करें।
4. यदि कहीं से प्रकाश बाहर निकल रहा हो तो खिड़कियों एवं दरवाजों पर काला कागज अथवा अन्य अपारदर्शी सामग्री लगाएं।
5. घबराएं नहीं और अनावश्यक रूप से भागदौड़ न करें।
6. धूम्रपान न करें तथा माचिस, मोबाइल एवं फ्लैशलाइट का प्रयोग न करें।
7. हवाई हमले की स्थिति में सुरक्षित स्थान (अंडरपास अथवा बंकर आदि) में शरण लें। घर के अंदर होने पर कांच की खिड़कियों एवं दरवाजों से दूर रहें।
8. खुले स्थान पर होने पर खाई में छिप जाएं अथवा जमीन पर पेट के बल लेट जाएं तथा बिजली के खंभों एवं तारों से दूर रहें।
9. प्रशासन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।
मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य हवाई हमले अथवा शत्रुतापूर्ण परिस्थितियों जैसी आपातकालीन स्थितियों के लिए तैयारियों का आकलन करना, एयर रेड अलर्ट वार्निंग सिस्टम एवं ब्लैक आउट व्यवस्था की प्रभावशीलता का मूल्यांकन करना, लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने तथा बचाव कार्यों एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र का परीक्षण करना और आमजनमानस के बीच जागरूकता उत्पन्न करना है।
अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने जनपदवासियों से अपील की कि इस मॉक ड्रिल को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन एवं नागरिक सुरक्षा विभाग का सहयोग करें तथा निर्धारित समय पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों की लाइटें बंद कर अभ्यास में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
बैठक के दौरान नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा, उपायुक्त उद्योग सोनल जिंदल सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
