आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा: खड़ी स्कूल बस को आलू लदे ट्रक ने मारी टक्कर, 4 छात्रों की मौत, 20 घायल

कन्नौज (ठठिया): आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार भोर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। कौशांबी से पिकनिक पर जा रहे स्कूली बच्चों से भरी खड़ी बस को पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार आलू लदे अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में 4 छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि लगभग 20 छात्र, शिक्षक और चालक घायल हो गए।

कैसे हुआ हादसा

कौशांबी जिले के सिराथू क्षेत्र स्थित अफजलपुरवारी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस में करीब 50 बच्चे और 6 शिक्षक सवार थे। मंगलवार सुबह जब बस ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 210 (किलोमीटर 209.9) के पास पहुंची, तो चालक ने बच्चों के टॉयलेट जाने के लिए बस को सड़क किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान आगरा की ओर से आ रहे आलू लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बस में पीछे से जबरदस्त टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बच्चे बस के अंदर ही फंस गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही ठठिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया।

हादसे में मृत छात्रों की सूची

  1. आर्यन चौरसिया (14 वर्ष) पुत्र प्रेम कुमार चौरसिया, निवासी अफजलपुरवारी, मोहब्बतपुर पइंसा (कौशांबी)

  2. रजिउल्ला (16 वर्ष) पुत्र शमी उल्ला, निवासी अफजलपुरवारी, मोहब्बतपुर पइंसा (कौशांबी)

  3. जैद मिर्जा (17 वर्ष) पुत्र रियाज अहमद, निवासी निदौरा (फतेहपुर)

  4. अरमान (17 वर्ष) पुत्र रियाज अहमद, निवासी गौरे खकरेड़ (फतेहपुर)

घायलों का विवरण

  • घायल छात्र: अस्मित चौरसिया (अफजलपुरवारी), अदुर रहमान (गहोरा), उमेशारा (अफजलपुरवारी), अहमद रजा (नेमदौरा), अभिषेक कुमार (अनेठा), मुजस्सिम शेख (अफजलपुरवारी), अरब्ध गुप्ता (नंदौरा) और सलमान सिद्दीकी (निवासी कौशांबी)।

  • घायल स्कूल स्टाफ व चालक: शिक्षक सलमान, हिमांशु, कामरान, भूपेंद्र, आकाश (सभी निवासी अफजलपुर, कौशांबी) तथा बस चालक मो. जाहिद (निवासी कौशांबी)।

प्रशासनिक कार्रवाई और परिजनों में कोहराम

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल छात्रों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, हादसे की सूचना कौशांबी और फतेहपुर स्थित मृतकों व घायलों के परिजनों को मिलते ही घरों में कोहराम मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *