विद्युत अधिकारियों की मनमानी से आधा सैकड़ा गांव अंधेरे में डूबे

शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। विद्युत अधिकारियों की मनमानी के चलते आधा सैकड़ा गांव अंधेरे में डूब गये। जिससे ग्रामीणों में खासा रोष देखा गया। ग्रामीणों ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो ग्रामीण जिलाधिकारी कार्यालय घेरने मजबूर होंगे।
जानकारी के अनुसार विकास खंड शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम रमापुर जस्सू जहां बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के चलते पिछले एक महीने से अंधेरे का साम्राज्य बना हुआ है। भीषण गर्मी के दौर में जहां एक ओर आम जनमानस बेहाल है, वही दूसरी ओर विद्युत उपभोक्ताओं के घरों में रखे कूलर, पंखे, शोपीस बने हुए है। ग्रामिणों के अनुसार आधे से ज्यादा गांव में यही आलम देखा जा रहा है।
ग्राम प्रधान अनुज कुमार के नेतृत्व में ग्रामीण उपभोक्ताओं में राजीव कुमार, रामनरेश, राकेश, अरुण कुमार, प्रदीप कुमार, पवन कुमार, शिव शंकर, रामकुमार, रिंकू, रामनिवास, उमेशचंद्र, राम भरोसे, संतोष कुमार, अवनीश कुमार, कमलेश कुमार तथा अजीत कुमार सहित दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने बताया एक माह पूर्व गांव में ट्रांसफार्मर रात्रि के अंधेरे में फट गया था। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों को अवगत कराकर विद्युत व्यवस्था बहाल कराए जाने की मांग की थी। इसके अलावा विभाग के संबंधित अधिकारियों, अधिशासी अधिकारी को भी अवगत कराया था। मगर समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने बताया बिजली के अभाव में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात के मौसम में अराजक तत्वों तथा चोर उचक्के सक्रिय हैं। सुरक्षा के लिहाज से रात्रि में जागकर रखवाली करनी पड़ रही है। ग्रामीणों के अनुसार विगत दिनों पूर्व अज्ञात चोरों ने 2 लोगों के मकानों में नकब लगाकर चोरी की घटना को भी अंजाम दिया था। सबसे बड़ी बात है इतना सब कुछ होने के बावजूद भी बिजली विभाग के अधिकारियों के कानों में जूं नहीं रेंग रही है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग तथा प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए कहा अगर जल्द विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं कराई गई तो वह जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना देने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *