पीडि़त मां ने डीएम से शिकायत कर लगायी न्याय की गुहार
मोहम्मदाबाद, समृद्धि न्यूज। एक ही गांव के तीन बच्चे अचानक लापता हो जाने पर परिजनों का जहां बुरा हाल है। वहीं पुलिस पीडि़त परिवार की मदद करने की बजाय सेवा शुल्क लेने पर उतर आयी। पीडि़ता ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर शिकायत कर बच्चों को सुरक्षित परिजनों को सौंपने की मांग की। बताते चले कि मोहम्मदाबाद क्षेत्र से एक और बच्चा लापता हो गया है, कुल चार बच्चे बीते दिन लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई थी। स्थानीय पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेने की बजाय पैसे की मांग कर दी।
मोहम्मदाबाद के ग्राम ईशेपुर निवासी अभय प्रताप सिंह पुत्र सुनील कुमार सिंह ने थाने में दी तहरीर में दर्शाया कि दो अगस्त दिन में 3 बजे मेरा भाई अनुज उर्फ रामजी उम्र 14 वर्ष व गांव के शिवम उर्फ शोहम पुत्र हनुमान सिंह उम्र 13 वर्ष व नकुल पुत्र राजू उम्र 14 वर्ष जो घर से बिना बताये कहीं चले गये। काफी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार को सुनीता राठौर पत्नी हनुमान सिंह ने मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया। जिसमें दर्शाया कि उनके पुत्र के साथ गांव के दो बच्चे और भी लापता है। इस दौरान उन्होंने बताया कि कोतवाली पुलिस बच्चों को ढूंढने के एवरेज में गाड़ी, खाना खर्चा के लिए पैसे की मांग की है। जिस पर डीएम ने कहा कि बच्चे जहां भी होंगे सुरक्षित घर पहुंचायें जायेंगे। कोई पैसा किसी को नहीं देना है। बताते चले कि वहीं कोतवाली क्षेत्र के गांव माडल शंकरपुर निवासी शिवकुमार ने अपने पुत्र रीतेश उर्फ सुदामा 15 वर्ष की गुमशुदी दर्ज करायी है।
