
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। काली नदी पुल से एक अधेड़ महिला ने पानी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। वहां मौजूद लोगों ने उसे आनन-फानन में पानी से निकाले, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की और शव की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन अधेड़ महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार मंगलवार को थाना क्षेत्र कमालगंज के खुदागंज स्थित काली नदी पुल से अधेड़ महिला ने पानी में कूदकर आत्महत्या कर ली। हनुमान मंदिर पर खड़े हुए लोगों ने आनन-फानन में उसे नदी से निकाला, तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जिस पर खुदागंज चौकी प्रभारी आनंद शर्मा मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। आसपास के लोगों से महिला की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन महिला के बारे में कुछ भी पता नहीं चल सका। थाना पुलिस ने बताया कि मृतक का पोष्टमार्टम कराकर शव को मोर्चरी में रखवाया जाएगा।
