जीएसटी विभाग की खराब प्रगति की रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में डीएम ने समस्त कार्यकारी संस्था को निर्धारित समय अवधि में मानक के अनुसार निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। पशुपालन विभाग को पशुओं की 100 प्रतिशत ईयर टैगिंग कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को गोल्डन कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत जिन लाभार्थियों को प्रथम किस्त का लाभ दिया गया है उन सभी के यहां निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, संबंधित अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था से संंबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं डीएम की अध्यक्षता में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। ज्ञात हुआ कि जीएसटी विभाग की विगत माह से रिपोर्ट खराब चल रही है। बैठकों में निर्देश मिलने के बाद वसूली में सुधार करने का कुछ विशेष प्रयास भी नहीं किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। आबकारी, परिवहन, विद्युत, स्टांप विभाग को वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी समस्त उप जिलाधिकारी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
