मजदूरी के पैसे मांगने पर ठेकेदार के गुर्गों ने मजदूरों पर लाठी-डंडों व सरियों से बोला हमला

शमशाबद, समृद्धि न्यूज। मजदूरी के पैसे मांगने पर ठेकेदार के गुर्गों द्वारा मजदूरों के साथ गाली-गलौज किया गया। विरोध करने पर लाठी-डंडों व सरियों से हमला कर घायल कर दिया। घायल मजदूरों ने ठेकेदार के दबंग गुर्गों के खिलाफ शमशाबाद थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम ललोर राजपूताना जहां जल निगम द्वारा एक ठेकेदार द्वारा पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। इस कार्य में मजदूर राजेश मंडल पुत्र सुल्टेन मंडल तथा धर्मेन्द्र मंडल निवासीगण वार्ड वार्ड नंबर 9 पोस्ट घुबई सीतामढ़ी बिहार द्वारा खुदाई का कार्य किया जा रहा है। मजदूरों के अनुसार 50 रूपये प्रति मीटर के हिसाब से खुदाई की जा रही है। मजदूरों का आरोप है पिछले 2 महीने से खुदाई का कार्य कराया जा रहा, लेकिन अभी तक उन्हें बकाया पेमेंट नहीं किया गया। 600 मीटर खुदाई का लगभग 30000 रुपया बकाया है। मजदूरों द्वारा जब ठेकेदार से बकाया पैसों की मांग की गई, तो पहले ठेकेदार द्वारा आज-कल किया जाता रहा। आरोप है इस तरह का सिलसिला पिछले कई दिनों से जारी था। रविवार को जब मजदूरों ने पैसों की मांगी, तो उनके साथ गाली-गलौज किया गया। विरोध करने पर ठेकेदार के गुर्गे बल्ले द्वारा लाठी-डंडों तथा सरिया से हमला किया गया। जिसमें दोनों मजदूर घायल हो गए। घायल मजदूरों के अनुसार उक्त प्रकरण की शिकायत शमशाबाद थाना पुलिस से की गयी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। सबसे बड़ी बात यह है ग्रामीण क्षेत्रों में जल निगम के तहत ठेकेदारों द्वारा पानी की टंकी के निर्माण के लिए मजदूरों से कार्य तो कराया जा रहा है लेकिन सुरक्षा के नाम पर उन्हें कोई किट उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। बिना किट के ही जान जोखिम में डालकर मजदूरी का कार्य किया जा रहा है। देखना है आरोपियों द्वारा जिस तरह मजदूरों के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया क्या पुलिस दोनों मजदूरों को न्याय दिला पायेगी या फिर मजदूरों द्वारा दी गई तहरीर ठंडे बस्ते में डाल दी जाएगी। उक्त प्रकरण के संबंध में जब पुलिस से जानकारी की गई तो पुलिस का कहना था उन्हें कोई सूचना नहीं दी गई। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। ————————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *