पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर की जांच
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। कर्ज में डूबे युवक ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। वहीं फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किये।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम संतोषापुर के मजरा बबरापुर निवासी 32 वर्षीय सचिन कुमार पुत्र बालिस्टर सिंह शाक्य ने कमरे के अंदर चारपाई पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। परिवार के सभी लोग सो रहे थे। बीती रात मृतक सचिन शाक्य खाना खाकर सो गया और पत्नी अंजली भी सो गयी। शुक्रवार की सुबह लगभग 5 बजे अचानक गोली की आवाज सुनकर परिजन जा गये और जिस तरफ से आवाज आयी और उस कमरे की तरफ दौडक़र पहुंचे तो देखा कि सचिन के सिर में गोली लगी थी और तमंचा पड़ा था। यह देख पत्नी व परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग आ गये। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर चौकी प्रभारी चिलसरा विशेष कुमार पुलिस बल के साथ पहुंच गये और जांच पड़ताल की और इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी। फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किये। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों ने बताया कि मृतक जयपुर में एक छपाई फैक्ट्री में कर्मचारी था। रक्षा बंधन पर्व पर घर आया था। मृतक शराब पीने का आदी था। उस पर लाखों रुपये का कर्ज था। कर्जदार के अपने पैसों की मांग करते थे, जिससे वह परेशान रहता था। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था। मृतक के छोटे भाई आलेख, कुलदीप तथा धीरज, मां सुनीता देवी आदि का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक की पत्नी आठ माह का गर्भवती है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि मृतक शराब पीने का आदी था। जिससे काफी कर्जा हो गया था, जिससे वह तनाव में रहता था। मौके पर तमंचा बरामद हुआ है। घटना के संबंध में तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही की जायेगी।
