
कम्पिल, समृद्धि न्यूज। घर से लापता हुई बालिका का अधर््ानग्न अवस्था में क्षतविक्षत शव खेतों में पड़ा मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। दुष्कर्म के बाद बच्ची की हत्या कर देने का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर घटना स्थल को अपने घेरे में ले लिया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम कटिया निवासी काल्पनिक नाम जब्बार की ४ वर्षीय पुत्री मंगलवार को अचानक गायब हो गई थी। खोजबीन करने पर जब पता नहीं चला तो पुलिस को गुमशुदी की तहरीर दी गई। कई घंटे बाद खेत में अधनग्न क्षत-विक्षत अवस्था में एक शव पड़ा देखा गया। परिजनों ने पहुंचकर अपनी पुत्री के रुप में शिनाख्त की। पिता ने बताया कि वह कायमगंज में कपड़े की दुकान किये है। सुबह नौ बजे मेरी चार वर्षीय पुत्री ने मेरे साथ खाना खाया। उसके बाद मैं दुकान चला गया। कुछ देर बाद उसने अपनी दादी से कहा कि मैं खेलने जा रही हूं। काफी देर तक जब वह वापस नहीं आयी तो उसकी मां ने खोजबीन की और इसकी जानकारी परिजनों को दी। जब उसका कोई भी सुराग नहीं लगा तो थाने पहुंचकर गुमशुदी की तहरीर दी। इसी दौरान कुछ बच्चे खेतों की तरफ खेल रहे थे। वहीं पास में कुत्ते किसी को नोंच-नोंचकर खा रहे थे। बच्चों ने समझा कि भेड़ को पकड़े है। बच्चों ने जाकर चरवाह को बताया कि तुम्हारी भेड़ को कुत्ते नोंच रहे है।
वह भागकर पहुंचा तो उसने देखा कि एक बच्ची का शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था। जिसे कुत्ते नोंच रहे थे। भागकर जानकारी गांव वालों को दी। जब्बार की पुत्री के रुप में उसकी शिनाख्त की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गयी। थानाध्यक्ष ने इस संदर्भ में पुलिस के आलाधिकारियों को इसकी सूचना दी। कम्पिल थानाध्यक्ष ने घटना के संदर्भ में मृतक बालिका के पिता व अन्य परिजनों से अलग-अलग पूछताछ की। संदेह के आधार पर एक युवक को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी। जिस स्थान पर बालिका का शव पड़ा मिला, उससे कुछ ही दूरी पर मुर्गी फार्म है। इस घटना से जहां क्षेत्र में सनसनी फैल गयी, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस कई बिन्दुओं पर जांच पड़ताल कर रही है। समाचार लिखे जाने तक फांरेंसिक टीम व पुलिस अधीक्षक नहीं पहुंचे थे। जबकि सूचना मिली थी कि घटना की जानकारी होने पर आलाधिकारी घटनास्थल के लिए निकल लिये हैं।
