
पुलिस अधीक्षक ने पहुंचकर की जांच
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में युवती के गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस अधीक्षक व सीओ ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किये। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के गांव पम्मी नगला निवासी १९ वर्षीय दीक्षा जाटव पुत्री सतेन्द्र जाटव की घर के अंदर बने कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पुलिस को दी। मौके पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाल, उपनिरीक्षक शिव कुमार पुलिस बल के साथ पहुंच गये और जांच पड़ताल कर सूचना उच्चाधिकारियों को दी। सीओ सोहराब आलम ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने मौके से तमंचा बरामद कर लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसपी ने बताया कि युवती द्वारा आत्महत्या की गई। पुलिस को मौके पर तमंचा बरामद हुआ है। जांच कर कार्यवाही की जायेगी।
