
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। चोरों ने ताला तोड़कर लाखों के जेवरात व हजारों की नगदी चोरी कर ली। वहीं चोरों ने एक अन्य स्थान पर भी ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन वहां कुछ भी न मिलने पर चोर खाली हाथ चले गये। लगातार हो रहीं चोरी की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव न्यामतपुर भुक्सी में बीती रात अज्ञात चोरों ने जगदीश पुत्र रामेश्वर के घर के मैन गेट का ताला तोड़कर मकान के अंदर से एक बक्सा छोटा अपने साथ ले गए जो पास के मनोज के खेत में खाली करके छोड़ गए और मकान के अंदर एक बड़े बक्से में से गहने सोने का टीका, सोने का पेंडिल, सोने की अंगूठी, सोने के झाले, चांदी का बिछुआ, चांदी की पायल, पांच नग सोने की हाय, पांच करधनी व पांच जोड़ी खंडवा और 30000 रूपये की नगदी अपने साथ ले गये सुबह जब ग्रह स्वामी जगदीश घर पहुंचा तो, यह सब देखकर दंग रह गया। गृह स्वामी कुछ दूरी पर सड़क के किनारे स्थित अपने दूसरे घर में बंधे जानवरों के पास सो रहा था। उसकी दो पुत्रियां छत पर सो रहीं थीं। पूरे मामले की लिखित सूचना थाना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं इसी गांव के रहने वाले भंवरपाल के घर का भी चोरों ने ताला तोड़ कमरे में रखे बक्से का भी ताला तोड़कर चोरी का प्रयास किया, लेकिन कोई सामान न मिलने से चोर खाली हाथ ही रह गए। गांव में हुई चोरी की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं लोगों ने पुलिस गस्त न होने का भी आरोप लगाया है। पूरे मामले की ग्रहस्वामी ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पीडि़त ने आरोप लगाया है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद भी पुलिस लगभग 5 घंटे बाद मौके पर पहुंची। मौके पर पहुंचे हलका इंचार्ज अमित कुमार ने जांच पड़ताल की।
