
डीएम एसपी ने जारी किया वीडियो, प्रदेश की माफिया सूची में ३०वें स्थान पर
कोड नम्बर डी-४७ के नाम से दर्ज है गैंग, ६३ मामले है दर्ज
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। टॉपटेन सूची में शामिल जेल में निरुद्ध बसपा नेता का करोड़ों रुपये कीमत के होटल को डीएम एसपी की निगरानी में सोमवार की रात्रि जमीदोज कर दिया गया। जिलाधिकारी व एसपी ने देर रात वीडियो जारी कर बताया कि टॉपटेन सूची में शामिल कुख्यात अपराधी की कोड नम्बर डी-४७ के नाम गैंग पंजीकृत है। ५ दर्जन से अधिक मामले पंजीकृत है। ठंडी सडक़ स्थित अनुपम दुबे के होटल गुरुशरणम् को लम्बे समय से जमीन में मिलाये जाने की कार्यवाही चल रही थी। सोमवार को गिराये जाने की कार्यवाही डीएम एसपी की अगुवाई में शुरु की गई और देर रात बहुमंजली आलीशान होटल को जमीन में मिला दिया गया। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अनुपम दुबे पर कुल 63 मुकदमें पंजीकृत है। पहला मुकदमा अनुपम दुबे पर वर्ष 1987 में घर में घुसकर गाली-गलौज करने का कोतवाली फतेहगढ़ में पंजीकृत हुआ था। उसके बाद से अनुपम ने पीछे मुडक़र नहीं देखा और एक पर एक अपराध करता गया। गैंगस्टर के तहत ठंडी सडक़ स्थित गुरुशरणम् पैलेस को गिराया गया है।
छात्र राजनीति से अपराध की दुनिया में आये अनुपम दुबे जनपद के आसपास जिलों के अलावा कई प्रांतों में दबदबा था। योगी सरकार में अपराधियों की रैकिंग की गई। जिसमें राज्य स्तरीय माफिया की सूची में ३० नम्बर पर अंकित है। फर्रुखाबाद के अलावा आसपास के जनपदों में भी अपराधिक मामले दर्ज है। पुलिस रिकार्ड के अनुसार अब तक ६३ मामले दर्ज है। तालाब की भूमि पर बने होटल को ध्वस्त किया गया। जिसकी कीमत सरकारी ४३६८४७९७ रुपये है। माफिया अनुपम दुबे व उसके सहयोगियों की अब तक कुल ९०,०४०१६८६ रुपये कीमत की सम्पत्ति जब्त की गयी है। अनुपम दुबे ने रेल गाड़ी के अंदर सीबी सीआईडी इंस्पेक्टर की भी हत्या की थी व ठेकेदार समीम की भी हत्या में आरोपी है। जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन |
