एसडीएम ने जांच कराकर दिये कार्यवाही के निर्देश शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। पिछले दो वर्षों से राशन नहीं दिए जाने को लेकर पीडि़त महिला ने दबंग कोटेदार के खिलाफ एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला के अनुसार राशन नहीं देने का विरोध किया, तो कोटेदार का कहना था ब्लैक कर लिया। शिकायत करके क्या करोगी क्यों परेशान हो कुछ नहीं होगा। उत्तर प्रदेश सरकार राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दे रही है। यहां तक की राशन वितरण प्रणाली का सीधा लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए तमाम आवश्यक उपाय कर रही है, लेकिन कोटेदार है जो कहीं ना कहीं इस तरह की घटनाओं को अंजाम देकर गरीबों का हक मार रहे हैं। वहीं सरकार के आदेशों को भी दरकिनार कर रहे हैं। हकीकत को देखा जाए तो सरकार ने राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए तमाम कोशिश की। गरीब पात्रों तक राशन पहुंचाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए, लेकिन कहीं ना कहीं कोटेदार मनमानी कर सरकार के मंसूबों पर पानी कर रहे हैं। कहीं राशन का वितरण नहीं किया जा रहा है, तो कहीं घटातौली की जा रही है। आए दिन इस तरह के मामले देखने को मिल रहे हैं। ऐसा ही मामला विकास खंड शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम झोआ में देखने को मिला। जहां एक महिला ने कोटेदार के खिलाफ उप जिलाधिकारी कायमगंज को शिकायती पत्र देकर दो वर्षों से राशन नहीं देने की बात कही। शिकायती पत्र के अनुसार इसी गांव के रहने वाली नीलम पत्नी जगदीश ने उप जिलाधिकारी कायमगंज को शिकायती पत्र देकर कहा गांव का कोटेदार चंद्रशेखर पिछले दो वर्षों से उन्हें राशन उपलब्ध नहीं करा रहा है। जब-जब राशन की मांग की गई तब तब कोटेदार द्वारा कोई न कोई बहाना बनाकर बैरंग लौटा दिया गया। शिकायती पत्र में महिला ने आरोप लगाते हुए कहा जब उसने पुन: राशन देने की बात कही, तो कोटेदार ने राशन देने से इनकार करते हुए कहा राशन ब्लेक कर लिया, जो भी करना हो कर लो। पीडि़त महिला ने दबंग कोटेदार के खिलाफ उप जिलाधिकारी कायमगंज शिकायती पत्र देकर न्याय दिलाए जाने की मांग की। वहीं उपजिलाधिकारी कायमगंज ने पीडि़त महिला की तहरीर पर गंभीरता अपनाते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच और कार्यवाही के आदेश दिए हैं। —————————
