
शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। कस्बे के मोहल्ला अलेपुर निवासी 75 वर्षीय मृतक रामनाथ वर्मा मोहल्ले से एक किलोमीटर दूर आलू के खेत के पास बंधी भैंस को खोलने के लिए शाम के समय गए थे। वह खेत से भैंस को खोलकर जंजीर पकड़कर घर ला रहे थे। कुछ ही कदम चलने के बाद अचानक भैंस बिदक गई। भैंस की जंजीर का कुंडा किसान रामनाथ के हाथ में फंस गया। कुंडा फंसने से किसान भैस के साथ 700 मीटर दूर तक जमीन पर रगड़ता रहा। घटना को देख मोहल्ले के दो युवक रंजीत व प्रदीप ने मौके पर जाकर भैंस को काबू करके जंजीर के कुंडे में फंसे किसान रामनाथ को निकाला, लेकिन तब तक किसान रामनाथ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही मृतक के घर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक रामनाथ की पत्नी रामकली पुत्र कौशलेन्द्र, पकंज व पुत्री साधना का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने शाम तक घटना के सम्बन्ध में पुलिस को सूचना नहीं दी थी। मोहल्ले के प्रदीप ने बताया भंैस बिदकने पर काफी दूर तक रगड़ता चला गया। जिससे वृद्ध रामनाथ की मौत हो गयी थी। ————–
