
लक्ष्मी यदुनंदन महाविद्यालय में करियर काउंसलिंग का हुआ आयोजन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शनिवार को लक्ष्मी यदुनंदन महाविद्यालय कायमगंज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के करियर काउंसलिंग सत्र के दौरान दिल्ली एंड निकोबार पुलिस सर्विस के एसीपी प्रदीप कुमार विद्यार्थियों के बीच विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कोचिंग के बगैर भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। डिजिटल युग में टेक्नोलॉजी के साथ दोस्ती करके यदि आप निरंतरता के साथ तैयारी करें तो आप सफल हो सकते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को नियमित अभ्यास के द्वारा अपनी लेखन शैली विकसित करने पर जोर दिया। सोशल मीडिया को लेकर सचेत करते हुए उन्होंने कहा कि हमने पश्चिमी सभ्यता की अच्छी बातों के बदले बुरी बातों को ज्यादा ग्रहण किया है। सोशल मीडिया पर किसी डाटा को डिलीट करना लगभग असंभव के बराबर है। अत: सोशल मीडिया को लेकर सचेत रहें। विद्यार्थियों में नैतिक मूल्य को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि माता-पिता, गुरुजनों का सम्मान करें और अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें। उन्होनें विद्यार्थियों को वर्तमान अवसरों के बारे में बताते हुए कहा कि आज सरकारी क्षेत्र के साथ साथ निजी क्षेत्रों में भी अपार संभावनाएं हैं। दिल्ली में प्रशासनिक सेवा की तैयारी कर रहे मानवेंद्र ने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें अपने प्रयास में अपना 100 प्रतिशत देना चाहिए। यदि हम अपनी रुचि के अनुसार क्षेत्र का चुनाव करें तो सफलता का प्रतिशत बढ़ जाता है। महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर अभिषेक सिंह ने कहा कि हमें अपनी भूमिका के साथ न्याय करते हुए खुद के साथ ईमानदार रहना चाहिए। सफलता और असफलता के बीच का मूल अंतर अंतर्मन की ईमानदारी ही है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ0 विनय कुमार सिंह ने सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि उपलब्ध संसाधनों का समुचित उपयोग व्यक्ति को बेहतर बनाता है। सिविल सेवा की तैयारी प्रक्रिया से गुजरे हुए लोगों का अनुभव हमारे विद्यार्थियों के लिए बहुत लाभदायक है। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र मिश्रा, डॉ0 आशीष तिवारी, डॉ0 मनीषा सक्सेना, डॉ0 मिताली सिंह, डॉ0 आरती दुबे, ईश्वर चंद्र विद्यासागर, अरविंद कुमार, सत्य नारायण सिंह आदि उपस्थित रहे।
