नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। विवादित जगह का घूरा हटवाने गए पुलिस से दबंग ने अभद्रता कर दी। दरोगा ने सात लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।नवाबगंज थाना क्षेत्र के बबना चौकी इंचार्ज मुनेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि वह बीते दिन गांव बराकेशव में विवादित जगह पर दो पक्षों में झगड़ा होने की सूचना मिली। जिस पर वह अपने हमराही पुलिसजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, तो वहां देखा कि दो पक्षों के बीच गाली-गलौज व झगड़ा हो रहा था। जब थाना पुलिस ने जाकर हस्तक्षेप किया तो दोनों पक्ष उग्र हो गए और दरोगा से अभद्रता करने लगे। दरोगा के मुताबिक आरोपीगणों ने पुलिस से मौके से जाने के लिए भी कहा। बताया कि यदि आप मौके से नहीं गए तो आपके साथ भी कुछ भी घटना हो सकती है। जिस पर दरोगा ने मौके से जाना ही उचित समझा। थाने आकर उन्होंने थाना पुलिस को तहरीर देकर गांव बराकेशव निवासी कप्तान सिंह, सोनू, रिंकू, राजेश, सत्यवीर, होशियार सिंह, डुलन उर्फ रिपुदम्न के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालना तथा पुलिस के साथ अभद्रता करने जैसी सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
