संकिसा, समृद्धि न्यूज। मेरापुर थाना क्षेत्र की चौकी अचरा के गांव मगटई निवासी दो पक्षों में मामूली बात पर जमकर लाठी-डंडे चल गए। जिसमें ग्यारह लोग घायल हो गए। घायलों में दो लोगों के गम्भीर चोटें आईं हैं।सोमवार को गांव मगटई में महेंद्र की पडिय़ा रास्ते के किनारे बंधी थी, तभी उधर से दूसरे पक्ष के सुखवासी के स्वजन कार में सवार होकर गांव आ रहे थे। किसी तरह गली में घुसते ही पडिय़ा के शरीर में कार का हिस्सा छू गया। इसको लेकर महेंद्र ने विरोध किया कि तुमने मेरी पडिय़ा जानबूझकर कुचल दी। इतना सुनते ही सुखवासी व महेंद्र पक्ष के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने सामने आ गए और देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चल गए। जिसमें सुखवासी व उनके पक्ष के योगेन्द्र, इन्द्रेश, रेवती, रिंकी, उत्तम तथा महेंद्र एवं इनके पक्ष के उपेन्द्र, अंशिका, अंकुर, नरेंद्र घायल हो गए। अचरा चौकी इंचार्ज जितेंद्र कुमार ने बताया कि मारपीट में सुखवासी व अंशिका के गंभीर चोटें आईं हैं। जिनका इलाज लोहिया अस्पताल में चल रहा है। किसी पक्ष से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्यवाही की जाएगी।
