एसओ सहित आठ दीवान व सिपाहियों के एडीजी ने किये रेंज के बाहर तबादले

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक आलोक सिंह ने भ्रष्टाचार में लिप्त थानाध्यक्ष सहित एसओजी टीम के आठ दीवान व सिपाहियों के जोन के बाहर तबादले कर दिए हैं। अवैध वसूली में दोषी पाए जाने की रिपोर्ट मिलने पर एडीजी आलोक सिंह ने 10 नवंबर को तबादला आदेश जारी किया है। कंपिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार, एसओजी टीम के दीवान पुष्पेन्द्र विक्रम सिंह सेंगर, प्रवीन कुमार, अजीत कुमार गौतम, सिपाही रामू यादव, सचिन कुमार, कपिल कुमार एवं अमरनाथ शर्मा सिपाही का झांसी रेंज के लिए तबादला किया गया है। एडीजी ने तबादला आदेश में फतेहगढ़ के पुलिस अधीक्षक को आदेशित किया है कि वह आज ही सभी कर्मचारियों को तबादले पर कार्य मुक्त करें। बताया जाता है कि बीते दिनों एडीजी से शिकायत की गई थी कि एसओजी में तैनात सिपाही, दीवान एवं टीम प्रभारी अवैध सट्टा एवं जुएं के अड्डों से नियमित अवैध वसूली करते हैं। उस दौरान अशोक कुमार एसओजी टीम के प्रभारी थे। बाद में उनको कंपिल थानाध्यक्ष का चार्ज सौपा गया और अमित गंगवार की एसओजी प्रभारी पद पर तैनाती की गई। एडीजी के आदेश पर जनपद कन्नौज के एसपी ने इस मामले की जांच की। जांच में एसओजी की पूरी टीम को अवैध वसूली का दोषी पाया और गोपनीय रिपोर्ट एडीजी को भेज दी गयी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *