यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा दो चरणों में होगी सम्पन्न

पहला चरण २५ जनवरी से १ फरवरी तक, दूसरा चरण २ फरवरी से ९ फरवरी तक
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। उ0प्र0 माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की २०२४ की इंटर मीडिएट की प्रयोगात्मक परीक्षाएं दो चरणों में सम्पन्न कराये जाने का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। पहले चरण की परीक्षा २५ जनवरी से १ फरवरी और दूसरे चरण की परीक्षा २ फरवरी से ९ फरवरी के मध्य होगी।
यूपी बोर्ड के सचिव दिव्यकांत शुक्ला के अनुसार पहले चरण में आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़ व बस्ती मण्डल में प्रयोगात्मक परीक्षाएं करायी जायेगी। जबकि दूसरे चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, बनारस तथा गोरखपुर मण्डल में सम्पन्न होगी। इस संबंध में अन्य आवश्यक जानकारी तथा परीक्षकों की नियुक्ति आदि सूचनायें परिषद के संबंधित क्षेत्रीय कार्यालय से मिलेगी।सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यो को प्रयोगात्मक परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में कराये जाने के निर्देश जारी किये है। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षाएं गत वर्षों की भांति विद्यालय स्तर पर आंतरिक मूल्याकन (प्रोजेक्ट वर्क) के आधार पर करायी जायेगी। हाईस्कूल के व्यक्तिगत परीक्षाएं अपने अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य से सम्पर्क कर प्रैक्टिकल परीक्षा में सम्मिलित होने की कार्यवाही पूर्ण कर लें। हाईस्कूल की प्रयोगात्मक परीक्षा (आंतरिक मूल्यांकन) नैतिक खेल एवं शारीरिक शिक्षा तथा इंटर मीडिएट के खेल एवं शारीरिक शिक्षा की प्रयोगात्मक परीक्षा विद्यालय स्तर पर सम्पन्न कराकर प्रधानाचार्य प्राप्तांक परिषद की वेबसाइड पर ऑनलाइन अपलोड करायेंगे। बोर्ड की वेबसाइड १० जनवरी से खुलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *