
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। चोरियों पर अंकुश पुलिस के लाख प्रयास के बाद भी नहीं लग रहा है। घर के बाहर गार्ड तैनात रहे और चोर ताले तोडक़र हजारों की नकदी व सामान चोरी कर ले गये। चोरी का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम अमृतपुर निवासी अनुभव अवस्थी के पिता दिनेश अवस्थी व भाई पियूष अवस्थी की गाँव के ही लोगों ने 7 मई 2022 को हत्या कर दी थी। जबकि पिता दिनेश अवस्थी गम्भीर रुप से घायल हो गये थे। उपचार के दौरान दिनेश अवस्थी नें भी दम तोड़ दिया था। वर्तमान में अनुभव के साथ उनकी माँ मीरा देवी, बहन गुडिय़ा, प्रियंका रहतीं हैं। बीते दिन अनुभव अपने परिजनों के साथ मामा सुधीर कुमार की तबियत खराब होने पर उन्हें देखनें फतेहगढ़ आये थे। परिवार की सुरक्षा के लिए घर के बाहर पुलिस का पहरा रहता है। जिससे अनुभव बेफिक्र होकर मामा के घर रुक गया। सोमवार सुबह जब उसकी बहन गुडिय़ा व प्रियंका घर आयीं तो बाहर तैनात गार्ड ने पीने के लिए पानी माँगा, तो वह पानी लेने के लिए घर के भीतर दाखिल हुईं, तो कमरों के रखे बक्से आदि का ताला टूटा पड़ा था और सामान बिखरा पड़ा था। चोर एक चेन, दो अंगूठी व 30 हजार रूपये नकद चोरी कर लिए गये। जानकारी होने पर सीओ रविन्द्र नाथ राय, थानाध्यक्ष मिनेश पचौरी, फिल्ड यूनिट की टीम मौके पर पंहुची और जाँच की। अनुभव ने पुलिस को तहरीर दी। थानाध्यक्ष मिनेश पचौरी ने बताया कि तहरीर मिल गयी है। जाँच की जा रही है।
