
संकिसा,समृद्धि न्यूज। थाना मेरापुर क्षेत्र के गांव परिउली खरिदाई निवासी प्रथम पक्ष के सुखवीर सिंह व व्दितीय पक्ष के सिन्टू यादव में जमीनी विवाद को लेकर गाली-गलौज शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर ईंट पत्थर चल गए। किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। शुक्रवार को मेरापुर थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने गांव परिउली खरिदाई पहुंचकर वायरल वीडियो के सम्बन्ध में मामले की जांच पड़ताल की, तो मामला जमीनी विवाद का निकला।
जबकि गांव में चर्चा है कि सुखवीर सिंह की 19 नबम्बर को भैंस चोरी हो गई थी। सुखवीर सिंह ने अपने विपक्षियों पर भैंस चोरी कर लिए जाने का आरोप लगाकर थाने में तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने इस मामले में कार्यवाही नहीं की, तभी से दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है।12 दिसम्बर को इसी को लेकर गाली-गलौज होने लगा। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष अपनी-अपनी छतों पर चढ़ गये और दोनों पक्षों ने एक दूसरे पक्ष पर ईंट पत्थर चलाए, लेकिन किसी के कोई चोटें नहीं आईं। थाना प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि मामला जांच में भूमि विवाद का है। दोनों पक्षों के बीच काफी समय से जमीनी विवाद चल रहा है। घटना 12 दिसंबर की है। दोनों पक्षों में केवल गाली-गलौज हुआ है। ईंट पत्थर चलने की कोई बात नहीं है। जांच पड़ताल के समय दोनों पक्ष घर से भाग गए। केवल महिलाएं ही घर पर मिली। दोनों पक्षों के लोगों को गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान किया जाएगा।
