शुक्रवार को मृतक की मां भी फांसी लगाकर दे चुकी है जान
शमसाबाद, समृद्धि न्यूज। गृह कलह के चलते अधेड़ ने कमरा बंद कर पंखे में बेडशीट का फंदा डालकर जान दे दी। जैसे तैसे जंगला तोडक़र अधेड़ को फांसी के फंदे से उतारा और अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गयी।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव दलेलगंज निवासी शैलेंद्र सिंह राठौड़ उम्र 45 वर्ष ने घर में कमरे में कुंडी बंदकर पंखे पर बेडशीट से फांसी लगा ली। फांसी पर झूलते देख परिजनों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में कमरे का जंगला तोड़ अधेड़ को फांसी के फंदे से उतारा और डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने उसे मृतक घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फिंगरप्रिंट टीम को परिजनों ने पोस्टमार्टम करने से इनकार कर दिया। मौत की सूचना पर घर परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी सुषमा पुत्री सिम्मी और पुत्र शौर्यन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक दो भाई था। छोटे भाई बंटू पुणे में नौकरी करता है। वहीं शुक्रवार को मृतक की मां विजया पत्नी स्व वीरेंद्र ने भी फांसी लगाकर लगाकर जान दे दी थी। मृतक के पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। 30 घंटे में एक ही घर में दो फांसी के फंदे से मौत हो जाने से गांव में तरह-तरह की चर्चायें हैं।
