
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पत्नी से कहासुनी होने पर पति ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव लभेेड़ा निवासी रघुराज कुशवाहा का 26 वर्षीय पुत्र गोविंद पानीपत में पत्नी अन्नू, बेटी लक्ष्मी के साथ रहकर प्राइवेट काम करता था। वह शराब पीने का आदी था। तीन दिन पूर्व बहन रिंकी के पुत्र के डस्ठौन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर आया था। किसी बात को लेकर गोविन्द की उसकी पत्नी अन्नू से कहासुनी हो गई। रविवार को घर में कार्यक्रम चल रहा था। परिवार के सभी लोग काम में व्यस्त थे। गोविंद ने रात करीब 1 बजे पत्नी की साड़ी से फंदा लगाकर जान दे दी। जब पत्नी कमरे में कुछ सामान लेने गयी, तो उसकी चीख निकल गई। चीख पुकार सुनकर भाई सुनील, शनि, अमिताब, बच्चन, बहन रिंकी, मां सुनीता देवी मौके पर पहुंची। कमरे का नजारा देख मां, पत्नी सिर पटक-पटक कर रोने लगे। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
