चोरी के इरादे से गांव में घुसे चोरों को ग्रामीणों ने खदेड़ा

शमशाबाद, समृद्धि न्यूज। चोरी के इरादे से गांव में घुसे अज्ञात चोरों को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया। जवाब में चोर फायरिंग करते हुए मौके से भाग गये। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत है। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कुंइयांखेड़ा जहां पिछले कई दिनों से अज्ञात चोरों का आतंक देखा जा रहा। चोर आये दिन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। बीते दिवस की रात्रि को भी ऐसी ही घटना घटित हुई। रात्रि नौ दस बजे के करीब बाइक सवार चोर एक शीतगृह के पीछे स्थित बाग में पहुंचे। कुछ समय बाद गांव में घुसने की कोशिश की। बताते हैं एक ग्रामीण के घर में घुसने की कोशिश की आहट मिलने पर ग्रामीण ने शोर मचाया, तो अज्ञात चोर मौके से फरार हो गए। बताते हैं कुछ दूरी पर एक अन्य ग्रामीण के घर में भी घुसने की कोशिश की। जब यहां से भी ग्रामीणों ने शोर मचाकर भगाने की कोशिश की, तो अज्ञात चोर फायर करते हुए घने कोहरे की चादर में गुम हो गए। घटना की सूचना कस्बा पुलिस को दी गई। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ संभावित स्थानों पर खोज की, मगर कुछ पता नहीं चल सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *