कमालगंज, समृद्धि न्यूज। एकाएक बस के इंजन में आग लगने से सवारियों में हडक़ंप मच गया। आनन-फानन में ग्रामीणों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। चालक ने बताया कि सब सुरक्षित है। किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना क्षेत्र की चौकी खुदागंज के पास रजीपुर से पहले बस बदायूं जा रही थी। जो की अरौल मकनपुर में मदार साहब के मेले से वापस आ रही थी, तभी रजीपुर के पहले बस में एकाएक इंजन में तकनीकी खराबी के कारण आग लग गई। जिसके चलते बस में हडक़ंप मच गया।

आग लगने के कारण सवारियां इधर-उधर कूदने तथा जान बचाकर भागने लगीं। मौके पर बस चालक और दुकानदारों तथा ग्रामीणों की मदद से इंजन पर बाल्टियों की मदद से पानी डाला गया और आग पर काबू किया गया। वहीं ड्राइवर ने बताया कि यह प्राइवेट बस है जो की मदार साहब के मेले में गई थी। आग लगने के 50 किलोमीटर पहले ही ड्राइवर तथा अन्य सवारियों ने खाना पीना भी किया था, लेकिन वहां से चलने के बाद एकदम इंजन में किसी कारणवश आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही खुदागंज चौकी इंचार्ज दलबल के साथ मौके पर पहुंचे तथा बस को ग्रामीण तथा सवारी की मदद से धक्का लगवाकर किनारे करवाया। बस का बोनट खोलने से ड्राइवर के माथे में थोड़ी सी चोट लग गई थी। जिसके बाद में उसका उपचार करवाया गया। बस के अंदर लगभग 42 सवारियां थीं। वहीं ड्राइवर ने बताया कि सब सुरक्षित हैं। कोई जानमाल का किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है।
