सडक़ हादसे में युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

२7 नवम्बर 2023 को हुई थी शादी, पत्नी मायके में थी
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। सडक़ हादसे में बाइक सवार की मौत हो गयी। राहगीरों ने युवक को पड़ा देख घटना की सूचना ११२ नंबर पर पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल युवक को एंबूलेंस से अस्पताल ले गयी। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक पर पड़े नंबर से जांच कर सूचना परिजनों तक पहुंचायी गयी।

जानकारी के अनुसार रजीपुर-जरारी मार्ग पर स्थित कोटिया चौराहे के पास गुरुवार रात करीब 9 बजे एक ३० वर्षीय युवक लहूलुहान अवस्था में सडक़ पर पड़ा था। उसके पास ही एक टीवीएस बाइक पड़ी थी। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने घायल युवक को देख यूपी 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को एंबूलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। यहां चिकित्सक डॉ0 विकास पटेल ने युवक को मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष राजेश  राय ने  पहुंचकर युवक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया। युवक की जेब से टूटा मोबाइल मिला। दरोगा बलवीर सिंह ने बाइक नंबर यूपी 74एके2309 की आरसी में दर्ज मोबाइल नंबर से संपर्क कर कन्नौज जिला के छिबरामऊ कोतवाली के नौली ग्राम पंचायत के मजरा बिर्रा निवासी बाइक स्वामी सतेंद्र से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। करीब 40 मिनट बाद सतेंद्र परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचे और युवक की पहचान अपने पुत्र आकाश (३०) के रूप में की। शव को देख सतेंद्र व परिजन बेहाल हो गए। आकाश का एक भाई गौरव व बहन शिखा है। थानाध्यक्ष राजेश राय ने बताया कि शव की शिनाख्त कराकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि 27 नवम्बर 23 कोआकाश का विवाह कन्नौज के पैंदाबाग निवासी कृष्ण मुरारी की पुत्री रानी से हुआ था। शादी की पहली होली होने के कारण पत्नी मायके में थी। सतेंद्र ने बताया कि आकाश खेती कार्य करता था। गुरूवार को बाइक से अपने एक दोस्त के यहां शादी समारोह में शामिल होने के लिए कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव रानूखेड़ा से वापस घर के लिए आ रहा था। कोटिया चौराहा के पास सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सतेंद्र ने बताया कि दो बेटों में बड़ा बेटा गौरव, एक बेटी शिखा है। आकाश की मौत की जानकारी मिलने पर मां कृष्णा देवी, पुत्रवधू रानी का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *