पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जुटाये साक्ष्य
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाये। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ कोतवाली के मोहल्ला जाफरी निवासी हार्डवेयर कारोबारी आशीष यादव की 26 वर्षीय पत्नी पूजा यादव ने संदिग्ध परिस्थितियों में मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में लगे पंखे में दुपट्टा डालकर फांसी लगा ली। आसपड़ोस की महिलाओं ने जब महिला को फांसी पर लटका देखा, तो परिजनों को जानकारी दी।
परिजनों ने उसको आनन-फानन में नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर सीओ सिटी प्रदीप सिंह, फतेहगढ़ कोतवाल हरिश्याम सिंह, व सिविल लाइन चौकी इंचार्ज समेंत फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस व फॉरेंसिक टीम मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। मृतका का आशीष यादव के साथ करीब 3 वर्ष पूर्व विवाह हुआ था और उसके एक डेढ़ वर्ष की पुत्री है। सूत्रों की मानें तो पति पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर मनमुटाव रहता था। घटना की सूचना पति को देने के बाद भी वह मौके पर नहीं पहुंचा। जबकि उसकी दुकान घटनास्थल से मात्र कुछ ही दूरी पर मोहल्ला भूसामंडी में स्थित है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल के बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सूचना पर पहुंचे मृतका के परिजनों ने हत्या करने का आरोप लगाया है। सीओ सिटी ने कहा कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जायेगी।
