इस समय क्लब फुट से पीडि़त 56 बच्चे करा रहे हैं इलाज
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। स्वास्थ्य विभाग ने अनुष्का फाउंडेशन के सहयोग से डॉ0 राममनोहर लोहिया चिकित्सालय में शनिवार को जन्मजात विकृति जागरूकता दिवस मनाया गया। जन्मजात विकृतियों के बारे में बताया गया और चिकित्सकीय प्रबंधन की भी जानकारी दी गई। डॉ0 राममनोहर लोहिया चिकित्सालय में तैनात आर्थो सर्जन डा0 नीरज वर्मा, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) से डीईआईसी प्रबंधक अमित शाक्य, अनुष्का फाउंडेशन से प्रोग्राम एक्जीक्यूटिव आलोक वाजपई उपस्थित रहे।
एसीएमओ दलवीर सिंह ने बताया कि जन्मजात दोष जन्म के समय मौजूद संरचनात्मक परिवर्तन हैं जो हृदय, मस्तिष्क, पैर जैसे शरीर के किसी भी हिस्से को प्रभावित कर सकते हैं। हर 800 नवजात में से एक बच्चा प्रभावित होता है।
देश में हर साल 33 हजार बच्चे इस विकृति के साथ पैदा होते हैं। आर्थो सर्जन डॉ0 नीरज वर्मा ने कहा कि क्लब फुट एक जन्मजात बीमारी जरूर है, लेकिन इसका उपचार संभव है। अमित ने बताया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत क्लब फुट जैसी 42 जन्मजात बीमारियों एवं दोषों की स्क्रीनिंग की जाती है, ताकि जल्द से जल्द उचित उपचार मुहैया कराया जा सके। स्वयंसेवी संस्था अनुष्का फाउंडेशन फॉर एलिमिनेटिंग क्लबफुट पिछले पांच साल से राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के साथ काम कर रही है। अनुष्का फाउंडेशन से प्रोग्राम एक्जीक्यूटिव आलोक वाजपई ने बताया कि वर्तमान में क्लबफुट से पीडि़त 56 से भी अधिक बच्चों का इलाज संस्था करवा रही है। पोन्सेटी पद्धति का इस्तेमाल करके क्लबफुट से पीडि़त सभी बच्चों का आसानी से उपचार किया जा सकता है।
