कमालगंज, समृद्धि न्यूज। तालाब में डूबने से दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे डाक्टर के पास लेकर पहुंचे। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव रामपुर में सुबह लगभग 11 बजे ग्राम पंचायत रामपुर में अनुज कुमार टेलर का दो वर्षीय पुत्र अनीस के घर के बाहर बच्चो के साथ खेलते समय घर के पास ही बने तालाब (खरौआ) में चले जाने से डूबकर मौत हो गई। बच्चों ने अनीस के डूबने की सूचना उसके परिजनों को दी। ग्रामीणों ने आनन-फानन में पानी में घुसकर उसको बाहर निकाला और डॉक्टर के पास ले गए।
डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। जिससे मृतक की मां नीतू व व पिता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव के लोगों के द्वारा पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे खुदागंज चौकी प्रभारी दीपक भाटी ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था। सबसे बड़ा भाई नेमीस और बहन नैंनशी है। प्रधान ने बताया कि मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता प्राप्त कराई जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में भी तालाब (खरौआ) में डूबने से एक बच्चे की मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन ऐसा कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। जिससे ऐसी घटनाएं होने से बचा जा सके।
