प्रसव के तीन दिन बाद महिला की हालत बिगड़ी, मौत

पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर पीएम के लिए भेजा
कंपिल, समृद्धि न्यूज। प्रसव के तीन दिन बाद महिला की हालत बिगड़ गयी। स्वजन आनन फानन में महिला को सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने गंगा घाट पहुंच शव का अंतिम संस्कार रुकवाकर पीएम के लिए भेज दिया। सीओ ने भी मामले की जांच पड़ताल की।
जानकारी के अनुसार गांव भरथरी निवासी शिवनन्दन की पच्चीस वर्षीय पत्नी रीता को तीन दिन पूर्व प्रसव पीड़ा हुयी। महिला ने कायमगंज के एक निजी अस्पताल में पुत्र को जन्म दिया। प्रसव के कुछ समय बाद ही मासूम की मौत हो गयी। उपचार के बाद स्वजन महिला को घर ले गए। मंगलवार देर रात महिला की हालत बिगड़ गयी। स्वजन आनन फानन में महिला को इलाज के लिए सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। स्वजन महिला के शव को घर ले गए। मौत की खबर पर स्वजन बिलखने लगे। बुधवार दोपहर स्वजन महिला के शव को अंतिम संस्कार के लिए गंगा घाट पर ले गए। सीएचसी से आए मेमो के आधार पर पर थाना प्रभारी जितेंद्र चौधरी, सिवारा चौकी इंचार्ज कपिल कुमार कुशवाहा पुलिस बल के साथ गंगा घाट पहुंचे। पुलिस ने स्वजनों को अंतिम संस्कार करने से रोक दिया। मृतका के ससुरालीजन व मायके वाले शव का अंतिम संस्कार करने की जिद पर अड़े रहे। दोनों पक्षों ने काफी समय तक हंगामा काटा। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर कर शव पीएम हेतु भेज दिया। सीओ सतेन्द्र कुमार ने भी घटनास्थल पहुंच जांच पड़ताल की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी जितेंद्र चौधरी ने बताया मेमो के आधार पर शव पीएम हेतु भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *